रात थी जब तुम्हारा शहर आया
फिर भी खिड़की तो मैं ने खोल ही ली
सुब्ह-ए-काज़िब की हवा में दर्द था कितना 'मुनीर'
रेल की सीटी बजी तो दिल लहू से भर गया
करना है सफ़र मुझ को इसी बस से लटक कर
जिस शहर भी जाए मिरी तक़दीर भटक कर
वापसी पर दूसरी बस में उसे देखा गया
साथ वाली सीट पर था वो मिरी जाते हुए
सवारी सिर्फ़ इक उतरी है और मैं
भरी गाड़ी में तन्हा रह गया हूँ
दोस्ती की चलती गाड़ी से उतर जाते हैं लोग
और अपना मुँह भी आगे की तरफ़ रखते नहीं
बस का सफ़र था ज़िंदगी जिस में शरीक तू भी था
जाने कब आँख लग गई जाने तू कब उतर गया
चाहे अपने घर का ही गैरज हो
गाड़ी अपनी लॉक होनी चाहिए
रात ढलने को है और आख़िरी गाड़ी वाला
मुझ से कहता है कि तुझ को भी कहीं जाना है
आप का इस से वास्ता खिड़की से देखने का है
मुझ को तो दीजे रास्ता मेरा तो शहर आ गया
तुम्हारे शहर को जाते ये लारियों वाले
सदा लगाते नहीं मुझ पे तंज़ करते हैं
अच्छा भला रवाँ था तिरी याद की तरफ़
फिर यूँ हुआ कि रेल का काँटा बदल गया
साथ वाली निशस्त ख़ाली हुई
रास्ते में उतर गया मिरा दिल