सर्द मुलाक़ात
इस बार जब तुम आओ
तो इस ठिठुरती रात में
अपने जूतों के तस्मे ढीले मत करना
कमरे की अँगीठी अब सर्द हो चुकी है
और हमें बस इतनी ही देर रुकना है
जितनी देर में
अलाव के किनारे पड़ी कोई आख़री चिंगारी
अपनी ही राख के बोझ से काली पड़ जाए
हमारे दरमियान अब
कोई ऐसी उधड़ी हुई सीवन नहीं बची
जिसे बे-कार बातों के धागे से सिया जाए
हम दोनों ने अपने हिस्से के सारे गिले सारी शिकायतें
पिछले साल की सीलन-ज़दा दीवारों में चुनवा दी हैं
अब तो बस
एक रस्म है
जैसे मय्यत को दफ़नाने के बा'द लोग
क़ब्रिस्तान में लगे नल के बर्फ़ाब पानी से
ख़ामोशी से हाथ धोते हैं
ये मुलाक़ात
किसी पुरानी ख़स्ता-हाल कोठरी का वो आख़री चक्कर है
जहाँ से सारा सामान उठाया जा चुका हो
और बस ये देखने के लिए मुड़ना हो
कि कोई ज़रूरी चीज़ पीछे तो नहीं रह गई
और हम दोनों जानते हैं
वहाँ कुछ नहीं बचा
न मेरी उँगलियों के पोरों में
तुम्हारे बालों की कोई उलझन बाक़ी है
न तुम्हारे माथे पर
मेरे किसी पुराने इंतिज़ार की कोई शिकन
ये अलविदा'
किसी बस-स्टैंड की जज़्बाती भीड़ नहीं
ये तो उस पुरानी रसीद की तरह है
जिस का रंग गर्म लम्बे भारी-भरकम
कोट की अंदरूनी जेब में रक्खे रक्खे
बिल्कुल सफ़ेद हो चुका हो
उस पर लिखा क्या था
अब कोई नहीं जानता
जब तुम उठो
तो धुँदले शीशों से बाहर देखते हुए
पलट कर देखने की रिवायती ज़हमत न करना
क्यूँकि मैं भी तुम्हें जाते हुए नहीं देखूँगा
मेरी नज़रें तो शायद
उस वक़्त
अलमारी के उस ख़ाली ख़ाने पर जमी होंगी
जहाँ कभी तुम्हारी यादें ख़त
तोहफ़े रक्खे रहते थे
तुम्हारे क़दमों की चाप
बाहर गली की गहरी धुँद और सन्नाटे में घुल जाएगी
और मैं
बस खिड़की का वो पट बंद कर दूँगा
जो जमा देने वाली सर्द हवा के ज़ोर से
अक्सर रातों को
बिला-वज्ह खुल जाया करता था
Additional information available
Click on the INTERESTING button to view additional information associated with this sher.
About this sher
rare Unpublished content
This ghazal contains ashaar not published in the public domain. These are marked by a red line on the left.