कोंपलें फिर फूट आईं शाख़ पर कहना उसे
कोंपलें फिर फूट आईं शाख़ पर कहना उसे
वो न समझा है न समझेगा मगर कहना उसे
वक़्त का तूफ़ान हर इक शय बहा कर ले गया
कितनी तन्हा हो गई है रह-गुज़र कहना उसे
सर-बुलंदी की क़सम खाते थे जिस की दो जहाँ
झुक गया है आज वो मग़रूर सर कहना उसे
राह में तेरी घड़ी भर की रफ़ाक़त के लिए
जल रहा है धूप में पागल शजर कहना उसे
जगमगा उट्ठे थे तेरी ज़ुल्फ़ के साए से जो
मुंतज़िर हैं आज फिर वो बाम-ओ-दर कहना उसे
रिस रहा हो ख़ून दिल से लब मगर हँसते रहे
कर गया बर्बाद मुझ को ये हुनर कहना उसे
हम-सफ़र की राह में तन्हा सफ़र करते हुए
आ गया है ख़त्म होने को सफ़र कहना उसे
ताल पर वहशत की हों वीरानियाँ रक़्साँ जहाँ
मूँद कर 'शहज़ाद' आँखें मेरा घर कहना उसे
जिस ने ज़ख़्मों से मिरा 'शहज़ाद' सीना भर दिया
मुस्कुरा कर आज प्यारे चारा-गर कहना उसे
Additional information available
Click on the INTERESTING button to view additional information associated with this sher.
About this sher
rare Unpublished content
This ghazal contains ashaar not published in the public domain. These are marked by a red line on the left.