फ़ैज़ अहमद फ़ैज़ की शायरी का एक बड़ा हिस्सा उनके क़ैद के दिनों की यादगार है। 'ज़िंदाँ-नामा' और 'दस्त-ए-सबा' जैसी किताबें जेल की सलाख़ों के पीछे लिखी गईं। लेकिन फ़ैज़ की महानता यह है कि उन्होंने क़ैदख़ाने के अंधेरे, ज़ुल्म-ओ-सितम और रात के साये तले पैदा होने वाले दर्दनाक माहौल को मायूसी के बजाए उम्मीद और जमालियात (सौंदर्य) के रूप में ढाल दिया।
फ़ैज़ की ख़ास बात यह है कि वह दुख और तकलीफ़ पैदा करने वाले कामों या चीज़ों में भी कोई सकारात्मक पहलू तलाश कर लेते हैं। दुख और ग़म की चिंगारी को फूलों के बाग़ में बदल देना और दुख भरी जगह को सुबह की रौशनी से भरा आसमान क़रार देना, फ़ैज़ की शायरी में एक बेहतरीन चित्रण की प्रक्रिया बनकर उभरता है।
इसके बदले मुझे तुम दे गए जाते-जाते
अपने ग़म का यह दमकता हुआ ख़ूँ-रंग गुलाब
इस शेर में आशिक़ कह रहा है कि महबूब की विदाई के बाद उसके हिस्से में ग़मों का एक दमकता हुआ गुलाब आया है। यहाँ ग़म की शिद्दत को ख़ून जैसे लाल रंग वाले गुलाब की उपमा दी गई है, जो दरअस्ल वह ज़ख़्म है जो जुदाई के कारण उभरा है। दर्द को फूल बनाकर पेश करना फ़ैज़ की ख़ासियत है।
आज के दौर की बेचैनी, अफ़रा-तफ़री और इंसानी ख़ून की घटती क़ीमत को भी फ़ैज़ ने निहायत कलात्मक अंदाज़ में पेश किया है। जब इंसानों का लहू सस्ता हो जाए और ज़ुल्म का दौर-दौरा हो, तो फ़ैज़ का क़लम दिल के ख़ून के निचोड़ को एक रूपक के तौर पर इस्तिमाल करता है।
पियो कि मुफ़्त लगा दी है ख़ून-ए-दिल की कशीद
गिराँ है अब के मय-ए-लाला-फ़ाम कहते हैं
इस शेर में शायर कहता है कि इस बार शराब महँगी है, इस कमी को पूरा करने के लिए उसने अपने दिल के ख़ून का निचोड़ मुफ़्त आम कर दिया है। इसमें एक सीधे-सच्चे इंसान के बलिदान का रूप उभरता है, और साथ ही यह इस कड़वी हक़ीक़त की तरफ़ इशारा है कि सड़कों पर इंसानों का लहू मुफ़्त बह रहा है।
दामन-ए-दर्द को गुलज़ार बना रखा है
आओ इक दिन दिल-ए-पुर-ख़ूँका हुनर तो देखो
फ़ैज़ ने इस शेर में बताया है कि किस तरह गहरे दुख और दर्द को भी फूलों के बाग़ में बदला जा सकता है। आशिक़ का ख़ून से भरा दिल ऐसा असर रखता है कि उसके दर्द का दामन भी फूलों के बाग़ की तरह खिल उठता है। दर्द को फूलों के रूप में पेश करने का यह हुनर फ़ैज़ की शायरी की ख़ास ख़ूबी है। वह इंसानी मूल्यों के मिटने और क़ैद की तकलीफ़ को भी सुबह की रौशनी और नई उम्मीद के पैग़ाम में बदल देते हैं।
