जौन एलिया की नज़्म 'दरख़्त-ए-ज़र्द' सिर्फ़ एक ज़ाती बयान नहीं बल्कि यह अपने दौर की तहज़ीबी गिरावट, बदलती क़दरों और सामाजिक दिखावे का एक नौहा (शोक-गीत) है। जौन शेक्सपियर की तरह इस दुनिया को एक विशाल स्टेज मानते हैं, जहाँ मुख़्तलिफ़ इंसानी गिरोह अपना फ़न दिखा कर ग़ायब हो जाते हैं। वक़्त के बदलने के साथ इंसान की रोज़मर्रा की ज़िंदगी में जो बदलाव आते हैं, वे रफ़्ता-रफ़्ता समाज की पहचान बन जाते हैं। जौन ने इस नज़्म में ज़रयून और उसके संभावित महबूब को एक मीडियम के तौर पर इस्तिमाल किया है, जिनके ज़रिए वह इंसानी समाज से जुड़े अपने ख़यालात और तहज़ीबी गिरावट पर अपने दुख का इज़हार करते हैं।
जौन एलिया को अपने आबाई-वतन (पैतृक शहर) अमरोहा, अपने ख़ानदान और अपनी ख़ास शिया तहज़ीब और संस्कृति से गहरा लगाव था। लेकिन वक़्त के साथ इन सबमें जो बड़े बदलाव आए और समाज पर दिखावे का जो रंग चढ़ा, जॉन ने उसकी कड़ी आलोचना की। वह पुरानी क़दरों के मिटने और नई खोखली रिवायतों के जन्म लेने पर दुखी हैं। वह अपने बेटे के महबूब के हवाले से इस ख़ास तहज़ीब के मिटने का ज़िक्र बेहद पुर-असर (प्रभावशाली) अंदाज़ में करते हैं:
वो नज्म अफ़ंदी-ए-मरहूम को तो जानती होगी
वो नौहों के अदब का तर्ज़ तो पहचानती होगी
उसे कद होगी शायद उन सभी से जो लपाड़ी हों
न होंगे ख़्वाब उसका जो गवय्ये और खिलाड़ी हों
इसके साथ ही जॉन ने ज़बान के बिगड़ते रूप और बातचीत के नए, मगर उथले तरीक़ों पर भी तंज़ किया है। ख़त लिखने की रिवायत, जो कभी तहज़ीब और शाइस्तगी (सभ्यता) की निशानी थी और जिसमें ज़बान की सही लिखावट का ख़ास ख़याल रखा जाता था, अब दक़ियानूसी (पिछड़ापन) समझी जाने लगी है। जॉन इस दुख को इन मिसरों में यूँ बयान करते हैं:
उसे तुम फ़ोन करते और ख़त लिखते रहे होगे
न जाने तुमने कितनी कम ग़लत उर्दू लिखी होगी
ये ख़त लिखना तो दक़ियानूस की पीढ़ी का क़िस्सा है
दुनिया के इस स्टेज पर इंसानों के अलग-अलग समूहों की तारीख़ और उनकी तहज़ीबी विरासत का ज़िक्र करते हुए जॉन अपने बुज़ुर्गों को भी याद करते हैं। उनका लहजा यहाँ ज़ाहिरी तौर पर सख़्त और तंज़िया हो जाता है, लेकिन इसके पीछे एक गहरा तारीख़ी-शुऊर (ऐतिहासिक समझ) काम कर रहा है:
मगर मेरे ग़रीब अजदाद ने भी कुछ किया होगा
बहुत टुच्चा सही उनका भी कोई माजरा होगा
ये हम जो हैं, हमारी भी तो होगी कोई नौटंकी
ये शेर इस बात की भरपूर ताईद (पुष्टि) करते हैं कि जौन एलिया ने एक बेहद ज़ाती विषय को आफ़ाक़ियत (सार्वभौमिकता) बख़्श कर इसमें इंसानी समाज, तारीख़ और तहज़ीब के अलग-अलग पहलुओं को इस तरह समेटा है कि पढ़ने वाला उनकी विविधता को गहराई से महसूस करता है।
