फ़ैज़ की शायरी जज़्बातों और एहसासों को एक नया रूप देती है। उनकी नज़्मों और ग़ज़लों में फ़िक्र और फ़लसफ़े के रूखे-पन के बजाए एहसास के नाज़ुक और ख़ूबसूरत रूप नज़र आते हैं। फ़ैज़ की शायरी के बे-शुमार पहलू हैं, लेकिन उनके यहाँ 'रंग' ख़ास तौर पर 'सुर्ख़ी' यानी लाल रंग की अहमियत साफ़ ज़ाहिर है। उन्होंने सुर्ख़ रंग और उससे मिलती-जुलती चीज़ों को अपनी शायरी का ज़रूरी हिस्सा बनाया है।
फूल, गुल-ए-लाला, अरग़वाँ (गहरा लाल रंग), शराब, होंठ और गाल की सुर्ख़ी जैसे शब्दों और तश्बीहों से फ़ैज़ ने अपनी शायरी में एक लहकता जहान आबाद किया है। ये तमाम पहलू 'गुल-रंग तिमसाल' (फूल जैसे रंग का बिंब) के अंतर्गत आते हैं। फ़ैज़ के यहाँ रंग सिर्फ़ देखने का तजुर्बा नहीं बल्कि एक मुकम्मल एहसास और जज़्बाती कैफ़ियत है। वह महबूब के सरापे और कुदरत के नज़ारों को रंगों की मदद से इस तरह पेश करते हैं कि पढ़ने वाला जादू में गिरफ़्तार हो जाता है।
रंग पैराहन का, ख़ुशबू ज़ुल्फ़ लहराने का नाम
मौसम-ए-गुल है तुम्हारे बाम पर आने का नाम
इस शेर में फ़ैज़ ने महबूब के कपड़ों के रंग और उसकी ज़ुल्फ़ों की ख़ुशबू से, आशिक़ के लिए मौसम-ए-बहार का माहौल तैयार किया है। शायर का ख़याल है कि फूलों का रंग और ख़ुशबू महबूब के रूप में मौजूद हैं। उसकी ज़ुल्फ़ों की ख़ुशबू और कपड़ों के रंग से बहार का एक दिलकश माहौल बन जाता है।
क्लासिकी शायरी में मीर, मुसहफ़ी और हसरत ने भी कपड़ों की रंगीनी का ज़िक्र किया है, लेकिन फ़ैज़ इन रिवायती-इस्तिआरों (पारंपरिक रूपकों) को एक नया रंग देते हैं। वह महबूब के होंठों की ख़ूबियाँ बयान करते हुए रंगों की ऐसी महफ़िल सजाते हैं जो पढ़ने वाले के ज़ेहन पर अनमिट छाप छोड़ती है।
वो होंठ फ़ैज़ से जिन के बहार लाला-फ़रोश
बहिश्त-ओ-कौसर-ओ-तसनीम-ओ-सलसबील ब-दोश
यहाँ बहार की रंगीनी और लाला-फ़रोशी (लाल फूल खिलने) को महबूब के होंठों का असर बताया गया है। यह सिर्फ़ पारंपरिक तारीफ़ नहीं बल्कि हुस्न की ऐसी तस्वीर-कशी है जिसमें कल्पना और जमालियाती-ज़ौक़ (सौंदर्यपरक रुचि) अपने चरम पर हैं। फ़ैज़ के तराशे हुए ये बसरी-पैकर (दृश्य बिंब) इंसानी जज़्बातों को गहराई से छूते हैं।
शाम गुलनार हुई जाती है देखो तो सही
ये जो निकला है लिए मशअल-ए-रुख़्सार है कौन
इस शेर में शाम का गुलनार (अनार के फूल जैसा लाल) होना किसी की 'मशअल-ए-रुख़्सार' यानी सुर्ख़ गालों की मशाल की वजह से है। यह तरकीब (शब्द-संयोजन) महबूब के गालों की सुर्ख़ी और उसकी चमक को ज़ाहिर करती है। फ़ैज़ की शायरी में 'सुर्ख़ी' को अलग करना गोश्त से नाख़ून अलग करने जैसा है। उनकी पैकर-तराशी (बिंब-निर्माण) सिर्फ़ मानसिक कसरत नहीं बल्कि विषय और एहसास से इस तरह जुड़ी है कि हमारे अंदरूनी वुजूद का हिस्सा बन जाती है।
