इंसानी तहज़ीब में खाने-पीने और दस्तरख़्वान की अहमियत हमेशा से रही है। हमारे दस्तरख़्वान पर सजे खानों के नाम सिर्फ़ लफ़्ज़ नहीं, बल्कि मुख़्तलिफ़ तहज़ीबों के मिलाप की दास्तान हैं।
दिन के सबसे ज़रूरी खाने यानी 'नाश्ते' पर ग़ौर कीजिए। अरबी में इसे 'फ़ुतूर' कहते हैं, जिसका मतलब है भूख तोड़ना। इसी से 'इफ़्तार' शब्द भी बना है। फ़ारसी में 'नाश्ता' उस शख़्स को कहते हैं जिसने सुबह से कुछ न खाया हो, यानी जो भूखा हो। वक़्त के साथ यह शब्द उस शख़्स के बजाए, उस खाने का नाम बन गया, जो सुबह-सुबह खाया जाता है। इसी तरह एक और शब्द है 'निहार' (निहार मुँह)। अस्ल में यह फ़ारसी के 'ना-हार' से बना है। इसमें 'ना' का मतलब है नहीं और 'हार' का मतलब है खाना। लखनऊ और दिल्ली में इसी से 'निहारी' शब्द निकला, जो सुबह-सुबह खाए जाने वाले एक ख़ास और लज़ीज़ पकवान का नाम बन गया।
मीठे पकवानों में 'फ़िरनी' बहुत मशहूर है। चौथी सदी हिजरी के लेखक मुहम्मद ख़्वारज़्मी के मुताबिक़, इसका अस्ली नाम 'फ़ुरनी' है। अरबी में 'फ़ुर्न' तंदूर को कहते हैं। पुराने ज़माने में तंदूर की पकी मोटी रोटी को दूध और चीनी में भिगोकर, जो खाना तैयार किया जाता था, उसे फ़ुरनी कहते थे। हिंदुस्तान आने के बाद इसमें रोटी की जगह चावलों ने ले ली और इसका उच्चारण 'फ़िरनी' हो गया। इसी तरह 'भात' यानी चावल से 'भत्ता' शब्द निकला, जो आजकल अलाउंस या खाने के ख़र्च के मतलब में इस्तिमाल होता है।
नमकीन पकवानों में 'क़लिया' और 'शोरबा' का ज़िक्र भी ज़रूरी है। क़लिया अरबी शब्द 'क़ली' से निकला है, जिसका मतलब है भूनना। लेकिन हिंदुस्तान में यह उस गोश्त के पकवान को कहा जाने लगा, जिसमें सब्ज़ियाँ और शोरबा होता है। 'शोरबा' अस्ल में अरबी के 'शुरबा' से निकला है, जिसका मतलब है एक घूँट पीना। ईरानियों ने इस शब्द का इस्तिमाल गोश्त के पानी के लिए किया और हिंदुस्तान में यह 'शोरबा' या 'शोरवा' बन गया। 'कबाब' अरबी शब्द है। अरबी में 'कब' का मतलब है उलटना। जो गोश्त आग पर उलट-पलटकर पकाया जाता है, वह कबाब कहलाता है।
खाने के बर्तनों में 'क़ाब' और 'रिकाबी' भी दिलचस्प तारीख़ रखते हैं। अरबी में 'क़अब' लकड़ी के प्याले को कहते थे, तुर्की और फ़ारसी में यह आम तौर पर बर्तन के लिए इस्तिमाल होने लगा, और हिंदुस्तान में बड़े बर्तन को क़ाब कहा जाने लगा। 'रिकाब' फ़ारसी में आठ किनारों वाले प्याले को कहते थे।, जिससे 'रिकाबी' बनी और इसी से शाही दस्तरख़्वान के प्रबंधक 'रिकाब-दार' कहलाए।
