बीसवीं सदी के दूसरे हिस्से में जिन शायरों ने उर्दू के शेरी-मंज़रनामे (काव्य-परिदृश्य) पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई, उनमें जौन एलिया का नाम बहुत नुमायाँ है। उनकी शायरी में फ़िक्र और फ़लसफ़े का रंग, फ़न की ख़ूबसूरती के साथ तालमेल बिठाकर, एक ऐसी शेरी-कायनात (काव्य-संसार) रचता है, जो देखने में सादा नज़र आती है। लेकिन इसके अलग-अलग पहलुओं को समझने के लिए गहरे चिंतन की ज़रूरत होती है। जौन ने अपनी रचनात्मक मेहनत से ख़ुद को उन शायरों की सफ़ में ला खड़ा किया, जिनका फ़न वक़्त और जगह की हदों से आगे बढ़कर हमेशा ज़िंदा रहता है।
जौन एलिया की शायरी की एक बड़ी ख़ूबी यह है कि उन्होंने शेरी ज़बान के दामन को विस्तार अता किया। उनके यहाँ लफ़्ज़ों को, उनकी तमाम अर्थ संबंधी संभावनाओं के साथ बरतने का अंदाज़, उनकी रचनात्मक सलाहियत का सुबूत है। विषय के स्तर पर भी उन्होंने उर्दू शायरी के दायरे को बढ़ाया। उनकी ग़ज़लों और नज़्मों का मुताला ज़ाहिर करता है कि वह इंसानी समाज से मुहब्बत तो रखते हैं, लेकिन उसमें जज़्बातियत (भावुकता) के बजाए तर्कशीलता का पहलू हावी रहता है।
इसी तर्कशीलता के कारण वह समाज के अँधेरे पहलुओं को बयान करते वक़्त मसलिहत-पसंदी (समझौतावादी रवैये) से काम नहीं लेते। जब वह ग़ैर-इंसानी रवैयों के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाते हैं, तो उनके लहजे का तीखापन घिसे-पिटे विचारों को चकनाचूर कर देता है। जौन एलिया बहुत पढ़े-लिखे और मुताला करने वाले इंसान थे। उनके इल्म और मुताले ने उनके भीतर एक ख़ास नज़रिया पैदा किया था। वह अपने मुताले का इज़हार शायरी में भी ख़ूबसूरती से करते हैं:
मेरे कमरे को सजाने की तमन्ना है तुम्हें
मेरे कमरे में किताबों के सिवा कुछ भी नहीं
इस शेर में हालाँकि शायराना-तअल्ली (काव्यात्मक आत्म-प्रशंसा) महसूस होती है, लेकिन उनके व्यापक मुताले ने ही उनकी शायरी को वह संजीदगी और विश्वसनीयता अता की जिसने उन्हें उर्दू अदब में हमेशा के लिए एक ख़ास मक़ाम दिलाया। उनका फ़न तारीख़, फ़लसफ़ा और तसव्वुफ़ (सूफ़ीवाद) का निचोड़ है, जो पढ़ने वाले को को गहन विचार पर मजबूर करता है।
