चंद लम्हे चंद सदियाँ
मुलाक़ात के चंद लम्हे
फ़क़त चंद लम्हे न थे
चंद सदियाँ थीं
जिन में मोहब्बत की तारीख़ तरतीब पाती रही
तू ने पहले तो इक अजनबी की सी हैरत से
फिर एक दिल-दोज़ अपनाइयत से
मिरी सम्त देखा
तो लम्हों के पर झड़ गए
तेरी ज़ुल्फ़ों की ज़ंजीर सारे बदन पर सजाए हुए
वक़्त गड़ सा गया
चंद लम्हे जो सदियों की मानिंद फैले
तो मैं ने सुनी
बाग़-ए-जन्नत से हव्वा-ओ-आदम के रख़्त-ए-सफ़र बाँधने की सदा
और फिर वो पुर-असरार आवाज़
जिस से ख़लाओं को लबरेज़ होना है
जब ये ज़मीं चाँद से
चाँद सूरज से
सूरज किसी और सूरज से जा कर मिलेगा
यहाँ से वहाँ तक
ज़मीं से ज़माँ तक
मुझे तेरी आँखें नज़र आ रही थीं
समुंदर तमव्वुज में थे
और लहरें मिरे दिल के साहिल से टकरा रही थीं
वो इस वक़्त भी दिल के साहिल से टकरा रही हैं
अभी तेरी आँखों से मानूस होने में कुछ देर थी
जब तिरे लब हिले
फिर उफ़ुक़-ता-उफ़ुक़
फूल ही फूल थे
तेरी बातों की मह-कार थी
तेरे लहजे में कलियाँ चटकने की झंकार थी
और ये झंकार मैं आज भी सुन रहा हूँ
फिर इक दम तिरा हुस्न मेरे लहू में उतरने लगा
ज़िंदगी पर मुझे
एक मुद्दत के बा'द
आख़री बार
प्यार आ गया
और फिर मैं ने देखा
कि मैं तो अज़ल से तुझे जानता हूँ
अबद तक तुझे याद रखना 'इबादत है मेरी
ख़ुदा जाने फिर क्या हुआ
चंद सदियाँ गुज़रने के बा'द
अब ख़ुदा के सिवा कौन जाने
कि फिर क्या हुआ
तेरी आँखों की तेरे लबों की क़सम
मैं तो बस इस क़दर जानता हूँ
कि तुझ से मुलाक़ात के चंद लम्हे
फ़क़त चंद लम्हे न थे
चंद सदियाँ थीं
जो चंद लम्हों में गुज़रीं
Additional information available
Click on the INTERESTING button to view additional information associated with this sher.
About this sher
rare Unpublished content
This ghazal contains ashaar not published in the public domain. These are marked by a red line on the left.