लुग़त का काम सिर्फ़ शब्दों के अर्थ बताना नहीं है, बल्कि क़ौमों की तरह शब्दों की भी अपनी एक अलग और ख़ामोश तारीख़ होती है। सैयद सुलेमान नदवी के मुताबिक़, क़ौमें अपनी लिखी हुई तारीख़ में हेराफेरी कर सकती हैं, लेकिन ज़बान और उसके शब्दों का ख़ज़ाना एक सच्चे अमानतदार की तरह, बीते समय की सारी कहानी सँभालकर रखता है। अगर हम यह जानना चाहें कि पुराने ज़माने में हमारा किन क़ौमों से मेल-जोल रहा है, तो इसका सबसे अच्छा ज़रिया हमारी ज़बान के शब्द हैं। इसी तारीख़ी सफ़र की एक शानदार मिसाल हमारे यहाँ प्रचलित सिक्कों और करंसी के नाम हैं।
हमारी ज़बान में एक आम शब्द है 'दाम', जिसका मतलब क़ीमत भी है और यह एक छोटे सिक्के का नाम भी रहा है। इसका सबसे बिगड़ा हुआ रूप 'छदाम' (छह दाम) आज भी मुहावरों में ज़िंदा है। इस शब्द की तारीख़ जानने के लिए हमें दो हज़ार साल पीछे जाना पड़ता है, जब यूनानी सौदागर और विजेता पूरे एशिया पर छाए हुए थे। यूनानियों के चाँदी के सबसे छोटे क़ीमत वाले सिक्के का नाम 'दिरहम' था। अरबी में यह 'दिरहम' ही रहा, फ़ारसी में इसका एक अक्षर कम होकर 'दरम' बन गया और हिंदुस्तानी ज़बान में ढल कर यह 'दाम' हो गया। दिलचस्प बात यह है कि जब यही शब्द यूरोप पहुँचा, तो 'ड्राम' (Dram) बन गया। आज भी हमारे दवाख़ानों में यह वज़न की एक इकाई के तौर पर इस्तिमाल होता है।
इसी तरह अवध के गाँवों के ज़मीनी काग़ज़ात में ज़मीन के बँटवारे के लिए 'कीरान्त' शब्द इस्तिमाल होता था। दरअस्ल, यह अरबी शब्द 'क़ीरात' की बिगड़ी हुई शक्ल है, जो ख़ुद यूनानी ज़बान से अरबी में आया था। आज अंग्रेज़ी में यही शब्द 'कैरट' (Carat) बन गया है और सोने के गहनों की शुद्धता बताने के लिए इस्तिमाल होता है।
हमारे सबसे क़ीमती सिक्के 'अशरफ़ी' की तारीख़ भी बहुत दिलचस्प है। आम तौर पर माना जाता है कि चूँकि यह सोने का सिक्का दूसरे सिक्कों से 'अशरफ़' (सर्वोच्च) था, इसलिए इसे अशरफ़ी कहा जाने लगा। लेकिन हक़ीक़त इसके विपरीत है। मिस्र के चरकसी बादशाहों में से एक बादशाह बरसबाई था, जिसने 1429 से 1437 तक हुकूमत की। उसका शाही लक़ब (उपाधि) 'अल-मलिक अल-अशरफ़' था। मशहूर अरब नाविक इब्न माजिद के लेखों से साबित होता है कि इसी बादशाह ने सोने का जो सिक्का जारी किया था, वह उसके नाम की वजह से 'अशरफ़ी' कहलाया। यह सिक्का मिस्र से चल कर हिंद महासागर के रास्ते हिंदुस्तान पहुँचा और यहाँ इस क़दर लोकप्रिय हुआ कि हर सोने के सिक्के को 'अशरफ़ी' कहा जाने लगा।
