परदेस की शाम और दिल का वतन
कहते हैं परदेस में दिन गुज़र जाते हैं
मगर कोई ये नहीं बताता कि रातें कैसे काटी जाती हैं
वो लम्हे जब चारों तरफ़ शोर हो
और तुम्हारे दिल में सिर्फ़ ख़ामोशी बोलती हो
ऐसी ख़ामोशी जो किसी ज़बान में नहीं
सिर्फ़ आँखों के किनारों पर ठहरी होती है
मैं रोज़ सुब्ह जागता हूँ
एक ऐसे शहर में
जहाँ लोग हँसते हैं
लेकिन हँसी दिल तक नहीं जाती
जहाँ चेहरे हैं
मगर पहचान कहीं नहीं
मैं बाज़ारों में चलता हूँ
जहाँ हर चीज़ नई है
मगर कुछ भी अपना नहीं लगता
वो ज़बान जिस में मैं बोलता हूँ
ख़ुद मुझ से सवाल करती है
कि तुम कहाँ से आए हो
परदेस में सब कुछ है
बस माँ के हाथ की रोटी नहीं
बाप का साया नहीं
बहन की मुस्कुराहट नहीं
और वो गली नहीं
जहाँ दोस्त बैठ कर दुनिया के ख़्वाब बुनते थे
यहाँ वक़्त का गुज़रना भी बोझ होता है
घड़ी की सूईयाँ जैसे चुभती हैं
और कैलन्डर का हर दिन
इक नई कमी ले कर आता है
मैं हर शाम
अपने वतन के सूरज को याद करता हूँ
जो शायद अब भी उसी वक़्त उतर रहा होगा
जब यहाँ मेरे कमरे की खिड़की में
इक अधूरा सा उजाला ठहरा होता है
फ़ोन पर माँ की आवाज़ आती है
ख़ैरियत है बेटा
मैं हँस कर कहता हूँ
मगर मेरे जवाब और सच में
समुंदर जितना फ़ासला होता है
मैं ख़्वाबों के बदले
नींद खो चुका हूँ
दिल के बदले शनाख़्ती कार्ड ले आया हूँ
और जज़्बात के बदले
तन्हाई की किस्तें चुका रहा हूँ
'साग़र' अब जब भी अपने नाम के आगे
किसी नए मुल्क का पता लिखता है
तो दिल में कोई पुरानी गली
आहिस्ता से बंद हो जाती है
और इक नया ज़ख़्म
नक़्श बन जाता है
परदेसी होने का
परदेसी होने का
Additional information available
Click on the INTERESTING button to view additional information associated with this sher.
About this sher
rare Unpublished content
This ghazal contains ashaar not published in the public domain. These are marked by a red line on the left.