बीसवीं सदी के चौथे दशक में उर्दू अदब, दो साफ़ और एक-दूसरे से अलग वैचारिक धाराओं में बँट गया। एक तरफ़ तरक़्क़ी पसंद तहरीक थी, जो इश्तिराकी-हक़ीक़त-निगारी (समाजवादी यथार्थवाद), समाजी मक़सदों और तय-शुदा सियासी तर्क को अहमियत देती थी। दूसरी तरफ़ 1940 में क़ायम होने वाला ‘हलक़ा-ए-अरबाब-ए-ज़ौक़’ था, जो तरक़्क़ी पसंद तहरीक की कट्टरता और पक्षपात के ख़िलाफ़ एक वैचारिक विरोध के रूप में सामने आया। हलक़े ने ‘हस्ती की वहदत’ (अस्तित्व की एकता) और ‘ग़ैर-मुनक़सिम हिस्सियत’ (अविभाजित संवेदनशीलता) को कलात्मक अभिव्यक्ति का आधार बनाया।
हल्क़े के शायर उस इंसान को, जो तरक़्क़ी पसंदों की शायरी में सिर्फ़ क़ौमी, समाजी, मज़हबी या सियासी क़दरों की अलामत (प्रतीक) बनकर रह गया था, एक जीते-जागते और ठोस इंसान के रूप में पेश करना चाहते थे। नून मीम राशिद और मीराजी इस हल्क़े के शुऊर (चेतना) और एहसास के सबसे असरदार प्रवक्ता थे। उनका मानना था कि अदब को ग़ैर-अदबी मक़सदों से अलग करके एक मक़सूद-बिज़्ज़ात (अपने आप में एक मक़सद) के तौर पर देखा जाना चाहिए। हल्क़े की सबसे बड़ी ख़िदमत यह थी कि उसने अदब को सियासी और अख़लाक़ी तानाशाही से आज़ाद कराने की कोशिश की और अदीबों को उन गिरोहों के दबदबे से बचाया, जो पाठक को अपने ख़ास नज़रियों का पाबंद बनाना चाहते थे।
इस आज़ादी और दरूँ-बीनी (आत्मनिरीक्षण) की क़ीमत हलक़े के शायरों को तरक़्क़ी पसंदों की कड़ी आलोचना के रूप में चुकानी पड़ी। अली सरदार जाफ़री जैसे प्रमुख तरक़्क़ी पसंद आलोचक ने हलक़ा-ए-अरबाब-ए-ज़ौक़ की तमाम कोशिशों को हैयत-परस्ती (रूपवाद), इबहाम-परस्ती (अस्पष्टतावाद) और जिंस-परस्ती (कामुकता) तक सीमित क़रार दिया। सरदार जाफ़री का ख़याल था कि इस हलक़े के लिखने वाले एक गंदी और मजहूल (निष्क्रिय) रूमानियत के शिकार हैं और फ्रायड और टी. एस. एलियट की आगोश में डूब कर तमाम समाजी ज़िम्मेदारियों से बेपरवाह हो गए हैं।
सरदार जाफ़री ने यह हैरान करने वाला नज़रिया भी पेश किया कि चूँकि हलक़े की स्थापना पंजाब में हुयी था, जहाँ उर्दू सिर्फ़ मध्यम वर्ग की इल्मी (शैक्षणिक) ज़बान थी और आम जनता से उसका रिश्ता बहुत गहरा नहीं था, इसलिए ये शायर आसानी से यूरोप के पतन से प्रभावित हो गए। शमीम हनफ़ी इस तर्क को रद्द करते हुए याद दिलाते हैं कि ख़ुद तरक़्क़ी पसंद तहरीक की पज़ीराई (स्वीकृति) सबसे पहले पंजाब ही में हुई थी और इक़बाल व फ़ैज़ जैसे शायरों की फ़िक्री-तश्कील (वैचारिक निर्माण) भी इसी इलाक़े में हुई थी।
दरअस्ल, हलक़े के कुछ शायरों ने समाजी अख़लाक़ के पैमानों से इनहिराफ़ (विचलन) किया और शायरी में जिंसी-हिजाबात (यौन संकोच) दूर करने की कोशिश की, इसलिए उन्हें फ्रायड का अंधभक्त समझा गया। उन्होंने माद्दियत-परस्ती (भौतिकवाद) के ख़िलाफ़ इंसान की जज़्बाती और नफ़्सियाती (मनोवैज्ञानिक) माँगों को अहमियत दी। इसके उलट, तरक़्क़ी पसंदों का रवैया उनके प्रति मनफ़ी (नकारात्मक) और विरोधी रहा, क्योंकि वे अदब को एक तयशुदा नज़रिए से देखते थे, जबकि हलक़ा इंसान के हर अर्थपूर्ण तजरबे को अदब का हिस्सा बनाना चाहता था।
