उर्दू शायरी की आलोचना में एक लंबे अरसे तक सबसे ज़्यादा ध्यान बोल-चाल की ज़बान, सरलता, रवानी, बंदिश की चुस्ती और तश्बीह (उपमा) की ख़ूबसूरती पर दिया जाता रहा है। बहुत से आलोचकों ने महज़ शब्दों की ज़ाहिरी सजावट पर ही वाह-वाह की है। इसमें कोई शक नहीं कि शायरी में ज़बान की अहमियत तय है, लेकिन शायरी सिर्फ़ शब्दों की मायाजाल का नाम नहीं है। यह दरअस्ल भावनाओं की ज़बान है। जब तक दिल में भावनाओं की थरथराहट महसूस न हो, बेहतरीन शब्दों का संग्रह भी महज़ एक बेजान ढाँचा रहता है। शायरी ख़याल के जोशीले इज़हार का नाम है, जहाँ सिर्फ़ ख़याल की अहमियत नहीं होती, बल्कि उस ख़याल के एहसास में ढलने और पढ़ने वाले तक पहुँचने का अमल बुनियादी अहमियत रखता है।
ज़बान को आमतौर पर तीन हिस्सों में बाँटा जा सकता है: इल्मी (ज्ञान की) ज़बान, बोलचाल की ज़बान, और अदबी ज़बान। अदबी ज़बान न तो पूरी तरह बोलचाल की ज़बान हो सकती है और न ही पूरी तरह इल्मी, हालाँकि यह दोनों से मदद ज़रूर लेती है। अदबी ज़बान की सबसे बड़ी ख़ूबी यह है कि इसमें इज़हार (अभिव्यक्ति) महज़ मालूमाती (जानकारी देने वाला) नहीं बल्कि असर-दार होता है। इसका मतलब यह है कि अदबी ज़बान में लफ़्ज़ सिर्फ़ अपना शाब्दिक अर्थ अदा नहीं करता, बल्कि अपने अंदर एक गहरा एहसास भी रखता है।
इल्मी ज़बान कोई ख़ास एहसास पैदा नहीं करती, वह सिर्फ़ जानकारी देती है। बोलचाल की ज़बान में एहसास तो होता है, लेकिन रोज़मर्रा के कामों में बार-बार इस्तिमाल होने की वजह से उसका असर सीमित और तय हो जाता है। इसके उलट, अदबी ज़बान शब्द के अंदर छुपे हुए अर्थ की परतों को उजागर करती है। वह शब्दों के नए अर्थ और इस्तिमाल के रास्ते खोलती है और ज़बान की सरहदों को बढ़ाती है।
एक सच्चे अदीब के इस्तिमाल से आम शब्द में भी एक 'बिजली की तरंग' क़ैद हो जाती है। जब शेर पढ़ा या सुना जाता है, तो यह बिजली की तरंग शायर के दिल से निकल कर पढ़ने वाले के वुजूद में पहुँच जाती है। यही वह अदबी ज़बान की ख़ूबी है जिसके ज़रिए शायरी अपना जादू जगाती है। यह जादू कभी नशा बनता है, कभी नश्तर, कभी शोला, और कभी शबनम। हमारे पुराने शायर, वजही से लेकर मीर तक, लफ़्ज़ के इस जादू से अच्छी तरह वाक़िफ़ थे और इसी के बलबूते पर उन्होंने उर्दू शायरी को ला-फ़ानी (अमर) बना दिया।
