उर्दू शायरी में इश्क़ और मोहब्बत के जज़्बात को अक्सर सूफ़ीवाद और मेटाफ़िज़िक्स के पर्दों में छिपा कर पेश किया जाता रहा है। फ़हमीदा रियाज़ ने इस झूठी अख़लाक़ी (नैतिक) दार्शनिक बहस और दिखावे को सख़्ती से ख़ारिज किया। उनके इश्क़ के फ़लसफ़े में जिस्म की शिरकत लाज़िमी है और वह जिस्म और जान के फ़ासले मिटा देने को ही सच्ची और अमर मोहब्बत मानती हैं।
फ़हमीदा रियाज़ ने औरत के मुक़ाबले किसी ख़याली महबूब को पेश करने के बजाए एक जीते-जागते, साँस लेते मर्द को एक फ़ितरी (स्वाभाविक) किरदार के तौर पर पेश किया है। मर्द शायरों के यहाँ महबूब की जिंस (लिंग) अक्सर भ्रम और धुँधलेपन का शिकार रही है, लेकिन फ़हमीदा ने इस भ्रम और धुँधलेपन को ख़त्म कर के एक नई ज़बान और नया अंदाज़ पेश किया। उनकी शायरी में औरतों के कैफ़-ओ-सुरूर (आनंद), एहसास की नज़ाकतों और जज़्बात की बारीकियों को अल्फ़ाज़ के रूप में ढालने का बे-मिसाल सलीक़ा मौजूद है।
उनकी नज़्म 'अबद' इस इश्क़िया सरशारी (मस्ती) और जिस्मानी व रूहानी एकता की एक ख़ूबसूरत मिसाल है, जहाँ वह इंसानी फ़ितरत और मानसिकता को पूरी सच्चाई के साथ बयान करती हैं:
ये कैसी लज़्ज़त से जिस्म शल हो रहा है मेरा
ये क्या मज़ा है कि जिस से है उज़्व-उज़्व बोझल
ये कैफ़ क्या है कि साँस रुक-रुक के आ रहा है
ये मेरी आँखों में कैसे शहवत भरे अँधेरे उतर रहे हैं
लहू के गुंबद में कोई दर है कि वा हुआ है
ये अशआर महज़ जिस्मानी एहसास का बयान नहीं, बल्कि उस आनंद के पल की अक्कासी (चित्रण) हैं जहाँ रूह और जिस्म एक हो जाते हैं। इसी तरह उनकी नज़्म ‘ज़बानों का बोसा’ में भी मोहब्बत की उस गहरी और मदहोश कर देने वाली कैफ़ियत को पेश किया गया है, जो इंसान को अँधेरे के पुल से गुज़ारकर रौशनी की तरफ़ ले जाती है:
ये भीगा हुआ गर्म-ओ-तारीक बोसा
अमावस की काली बरसती हुई रात जैसे उमड़ती चली आ रही हो
कहीं कोई साअत अज़ल से रमीदा
मिरी रूह के दश्त में उड़ रही थी
वो साअत क़रीं-तर चली आ रही है
फ़हमीदा रियाज़ का यह बे-बाक अंदाज़ उर्दू पाठकों के लिए एक नया अनुभव था। उनके पहले संग्रह 'पत्थर की ज़बान' से लेकर 'बदन दरीदा' तक, उन्होंने औरतों के जज़्बात के तक़द्दुस (पवित्रता) को महफ़ूज़ रखते हुए सच्चे इज़हार की शम्अें रोशन कीं। वह इस बात पर यक़ीन रखती हैं कि पाकीज़ा मोहब्बत को परवान चढ़ाने के लिए औरत के ख़ालिस जज़्बा-ए-मोहब्बत को समझना और उसे उसके पूरे वुजूद के साथ क़ुबूल करना नागुज़ीर (अनिवार्य) है।
